नयनादेवी मंदिर का 21.25 करोड़ का बजट पारित

नयनादेवी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ एवं तीर्थ स्थल नयनादेवी मंदिर न्यास ने वर्ष 2014 का बजट पारित कर दिया है। पारित बजट के अनुसार नयनादेवी मंदिर न्यास को इस साल 21 करोड़, 25 लाख, 87 हजार रुपये की आमदनी होने का अनुमान है। इसकी तुलना में 20 करोड़, 8 लाख, 60 हजार रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। इस लिहाज से वर्ष 2014 में न्यास का बजट एक करोड़, 17 लाख, 27 हजार रुपये के लाभ वाला है।
नयनादेवी मंदिर न्यास के अध्यक्ष डा. एमएल मेहता की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में वर्ष 2014 के लिए न्यास का बजट पारित किया गया। गत एक जनवरी तक न्यास के पास 26,50,17,524 रुपये सुरक्षित हैं। 21,25,87000 रुपये की अनुमानित आय को मिलाकर वर्ष 2014 में न्यास की कुल राशि 47,76,04,524 रुपये हो जाएगी। आय के मुख्य स्रोतों में बैंकों में जमा दान की कुल 16.32 करोड़ रुपये की राशि से 2,30,65,000 रुपये ब्याज, न्यास द्वारा संचालित दुकान से 1.35 करोड़, विदेशी मुद्रा से 83 लाख तथा अन्य स्रोतों से 22.14 लाख रुपये प्राप्त होने का अनुमान है।
20,08,60,000 रुपये के अनुमानित व्यय में से विभिन्न निर्माण कार्यों पर 4,10,41,000, न्यास द्वारा संचालित दुकान पर 1.34 करोड़, प्रशासनिक कार्यों पर 1.60 करोड़, न्यास कर्मियों के वेतन आदि पर 1.93 करोड़, शेयर होल्डर्स को छह करोड़ खर्च होंगे। नवरात्र मेलों में 60 लाख, लंगर पर 1,96,78,000, सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए 1,25,39,000 व्यय होंगे। संस्कृत महाविद्यालय के लिए 90.76 लाख, मातृ आंचल पर 25.18 लाख, मातृशरणम पर 5.70 लाख तथा प्राचीन गुफा के सौंदर्यीकरण पर 7.38 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अनुमानित व्यय के बाद वर्ष 2014 में न्यास के पास 27,67,44,524 रुपये सुरक्षित रहेंगे। बैठक में मंदिर अधिकारी मदनलाल शर्मा, न्यासी राकेश कुमार, राजेश कुमार, प्रदीप, प्रभात, रामचंद, चौहान व शशिपाल के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

Related posts