
कुल्लू। जिला कुल्लू को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से निर्मल भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न सामुदायिक स्थलों पर 55 लाख 4 हजार रुपये व्यय करके 27 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। यह जानकारी मंगलवार को डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने ग्रामीण विकास विभाग ने निर्मल भारत अभियान पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 90 प्रतिशत राशि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है और 10 प्रतिशत राशि लाभार्थियों द्वारा जमा की जाती है। नग्गर विकास खंड में पांच सामुदायिक स्थलों पर, कुल्लू विकास खंड में 11, बंजार विकास खंड 4, आनी विकास खंड 6 और निरमंड विकास खंड में एक सार्वजनिक स्थल पर शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थलों के समीप शौचालयों का निर्माण किया जाएगा, जिससे धार्मिक स्थलों का सौंदर्य और धार्मिक महत्व बना रहे और सार्वजनिक स्थलों में लोगों को शौचालय की सुविधा मिल सके। इन शौचालयों का रखरखाव एवं सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधियों की होगी। पंचायतों में चल रहे शौचालयों को सुचारु रूप से चलाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को उचित कदम उठाने होंगे। उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य आरंभ करने से पहले समस्त वित्तीय एवं भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने जिला में निर्मित किए जाने वाले सामुदायिक शौचालयों का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश जारी किए।
