तूफान से पनोली स्कूल की छत उड़ी

डंसा (शिमला)। नोगवैली में सोमवार रात को आए तूफान से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। तूफान से जहां ग्राम पंचायत डंसा की प्राथमिक पाठशाला पनोली की छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं पाठशाला की छत पर लगी चादरें भी हवा से उड़ गई हैं।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी पंचायत के उपप्रधान जीएल डमालू को दी। उन्होंने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। तेज हवाओं से स्कूल में लगा बिजली का मीटर भी नष्ट हो गया है। बिजली की वायरिंग भी जगह-जगह से उखड़ गई है। वहीं, नोग वैली में कई जगह पर तेज आंधी तूफान से लोगों के घरों को भी नुकसान का समाचार है, जबकि बागवानों के सेब के पौधों को भी नुकसान हुआ है। डंसा के पूर्व प्रधान खेल चंद नेगी ने कहा कि आंधी तूफान के चलते स्कूल की छत क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, सेब के पौधों को भी भारी नुकसान हुआ है। रामपुर-लालसा सड़क पर बने रेन शेल्टर की छत भी पूरी तरह से नष्ट हो गई है।

Related posts