किन्नौर के कई गांव अंधेरे में

सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के सैकड़ों गांव अभी भी अंधेरे में हैं। दो दिन से लगातार तेज हवाएं चलने से बिजली की ट्रिपिंग के चलते अघोषित कट लग रहे हैं। वहीं, वीरवार रात को हुए भारी हिमपात के बाद जिले के कल्पा, पूह और निचार खंड की करीब 65 ग्राम पंचायतों के सैकड़ों लोग पांच दिन से अंधेरे में रात काटने को मजबूर हैं। हालांकि बिजली बोर्ड के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं, लेकिन बर्फ और तेज हवाओं के चलते कर्मचारियों को भी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार टापरी, कड़छम और रिकांगपिओ के बीच जगह-जगह लाइनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कड़छम से सांगला कुप्पा तक जगह-जगह टूटी लाइनों को ठीक करने का काम शुरू हो गया है। जिले के स्पीलो तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं, निचार खंड की करीब 18 पंचायतों सहित सांगला वैली की करीब 12 पंचायतों में सोमवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं, जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित निचार, कल्पा खंड के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। पूह खंड के स्पीलो तक बिजली बहाल होने की पुष्टि एक्सईएन रिकांगपिओ अजीत नेगी ने की है। उन्होंने कहा कि अभी स्पीलो से आगे जगह-जगह गिरी बिजली लाइनों और पोल को ठीक करवाने के लिए एसडीओ पूह तारा नेगी के साथ करीब पूह डिवीजन के 40 लोग काम पर लगे हुए हैं। उधर, इस बारे में एक्सईएन रिकांगपिओ अजीत नेगी ने कहा कि मंगलवार को नाथपा और कोटला के बीच 220 केवी की लाइन में परेशानी पेश आ रही है।

Related posts