शहर में 7.74 करोड़ से बदलेगा बिजली ढांचा

कुल्लू। देवभूमि कुल्लू शहर में बिजली ढांचा बदलने जा रहा है। शहर में 38 नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ ही बिजली के खंभे तथा तारों को बदला जाएगा। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार की आरएपीडीआरपी योजना के तहत शहर में बिजली खंभों से झूलती तारों, बिजली मीटरों तथा सर्विस वायर भी को दुरुस्त किया जाएगा। बिजली बोर्ड कुल्लू इस पर 7.74 करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। हालांकि, केंद्र सरकार से मंजूर हुई यह राशि बिजली बोर्ड कुल्लू को मिल गई है। बिजली बोर्ड कुल्लू के अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आरएपीडीआरपी स्कीम के तहत कुल्लू शहर के गांधीनगर, शास्त्रीनगर, ढालपुर, शीशामाटी, सरवरी, लोअर ढालपुर, सुल्तानपुर, रामशाीला तथा अखाड़ा बाजार में 38 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे तथा अति संवेदनशील जगहों पर बिजली तारों को अंडर ग्राउंड किया जाएगा। इसके अलावा एबी वायर, सर्विस वायर के साथ-साथ मीटरों तथा पोलों से झूल रही बिजली तारों को बंद बक्से में बंद किया जाएगा। एसई ने कहा कि योजना के तहत शहर की बिजली क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा। इस स्तर पर बिजली बोर्ड ने काम शुरू कर दिया है और इसके पूरा करने का लक्ष्य 31 मार्च तक रखा गया है।

Related posts