
नादौन (हमीरपुर)। शहर के साथ सटे अमतर गांव में दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं में पुलिस फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। गत माह हुई चोरी की घटनाओं में चोरों ने एक घर की खिड़की को उखाड़ कर करीब दो लाख के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घर में सो रहे परिजनों को भनक तक नहीं लगी। चोरों ने घर के मुख्य द्वार पर पहुंच कर साथ लगते घर का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये तथा कपड़े चुरा लिए थे। पुलिस को खिड़की तोड़ते समय रेत पर पैरों के निशान मिले थे। पुलिस ने घटनास्थल से पैरों के निशान लेकर फोरेंसिक लैब में भिजवा दिए थे। नादौन पुलिस ने शक के आधार पर अमतर गांव तथा आस-पास के कुछ युवकों के पैरों के निशान लेकर भी लैब में भेजे हैं। लोगों में गगन सिंह, कामेश्वर कटोच, दिनेश कुमार, बबलू, योगराज, कमल, देशराज, सतीश, कृष्ण कुमार, सुशील आदि का कहना है कि चोरी की वारदातों को शीघ्र सुलझाया जाए। दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
