हजारों प्राथमिक शिक्षक जुटेंगे स्वागत रैली में

नूरपुर (कांगड़ा)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ नूरपुर खंड इकाई की आपात बैठक रविवार को होटल रिवर व्यू लेतरी (नूरपुर) में संपन्न हुई। अध्यक्षता नूरपुर खंड इकाई के प्रधान प्रेम कौशल ने की। बैठक में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की 17 फरवरी को प्रस्तावित स्वागत रैली तथा 20 फरवरी को शिमला में विधानसभा के प्रस्तावित घेराव को लेकर रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 17 फरवरी को सुबह 11 बजे संघ की नूरपुर खंड इकाई प्रधान प्रेम कौशल की अगुवाई में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल सिंह का गर्मजोशी से स्वागत करेगी। इससे पूर्व राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कांगड़ा इकाई के प्रधान जीएस बेदी के नेतृत्व में सुबह 9:30 बजे कंडवाल बैरियर पर नूरपुर सब डिविजन के छह ब्लॉक नूरपुर, इंदौरा, राजा का तालाब, फतेहपुर, जवाली, नगरोटा सूरियां के हजारों प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय प्रधान रामपाल सिंह का भव्य स्वागत करेंगे। नूरपुर ब्लॉक इकाई के प्रधान प्रेम कौशल व महासचिव मुलतान सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की रैली दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से होती हुई 17 फरवरी को सुबह 9:30 बजे कंडवाल के रास्ते हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। आरटीई सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर यह रैली निकाली जा रही है। 20 फरवरी को प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को लेकर प्रदेश भर के हजारों शिक्षक शिमला में विधानसभा का घेराव करेंगे। इसमें नूरपुर ब्लॉक से करीब 150 प्राथमिक शिक्षक शामिल होंगे। बैठक में नूरपुर इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान अजय पठानिया, कोषाध्यक्ष रणजीत शर्मा, लेखाकार पंचम शर्मा, प्रचार सचिव सेवा सिंह, संगठन सचिव हितेश गुप्ता, जिला सलाहकार कमल भारद्वाज, जिला प्रेस सचिव शक्ति पठानिया, शैलेेंद्र सिंह, कौशिक शर्मा, प्रदेश प्रतिनिधि शेर सिंह, मलकीयत सिंह, पूर्ण चंद, कश्मीर सिंह इत्यादि मौजूद रहे।

Related posts