
ऊना। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की सुजानपुर और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दुलैहड़ रैली के लिए दोनों दलों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ऊना के भाजपाई रविवार सुबह हमीरपुर जिले के सुजानपुर और कांग्रेसी दुलैहड़ का रुख करेंगे। मोदी और वीरभद्र की हमीरपुर संसदीय हलके में एक ही दिन में प्रस्तावित रैलियों से सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस की दुलैहड़ रैली को डैमेज कंट्रोल की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
मोदी की रैली के लिए भाजपाइयों ने घर-घर जाकर और हर चौराहे पर प्रचार किया है। नमो टी स्टाल के जरिये भी मोदी की रैली को लेकर खूब प्रचार-प्रसार हुआ। वहीं मुख्यमंत्री की दुलैहड़ रैली के लिए कांग्रेस ने भी कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी है। आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स ने भी शुक्रवार को कुटलैहड़ का दौरा कर कार्यकर्ताओं को वीरभद्र सिंह की रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने को कहा। वहीं उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी वीरभद्र सिंह की रैली की तैयारियों में लगे रहे। प्रदेश सरकार ने 300 करोड़ के फूड पार्क के शिलान्यास के साथ अन्य योजनाओं के शिलान्यास का भी कार्यक्रम रखा है। इन योजनाओं से रोजगार के द्वार खोलने के भी दावे हो रहे हैं। शनिवार को जिला मुख्यालय में भी भाजपा और कांग्रेस कार्यालयों में कार्यकर्ताओं की भीड़ रही और रैलियों को लेकर रणनीति बनाने में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मशगूल दिखे।
15000 से अधिक कार्यकर्ता जाएंगे हमीरपुर
भाजपा के जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा ने कहा कि सुजानपुर के लिए ऊना जिला के सभी मंडलों से नौ हजार से अधिक कार्यकर्ता रवाना होंगे। सभी को बारिश की स्थिति में छाता और पानी की बोतल अपने पास रखने को कहा है। भाजयुमो के जिला महामंत्री लखवीर लक्खी ने कहा कि जिला के पांचों मंडलों से 7000 भाजयुमो कार्यकर्ता सुजानपुर जाएंगे।
हर ब्लाक से पहुंचेंगे कार्यकर्ता
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वरिंद्र धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दुलैहड़ रैली के लिए जिले के हर ब्लाक से कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जहां-जहां पूरे गांव से लोग रैली में पहुंचना चाहते हैं, वहां बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि छोटे वाहनों में भी कार्यकर्ता रैली स्थल तक पहुंचेंगे।
