कारशा में कार सतलुज में गिरी, युवक लापता

आनी(कुल्लू)। आनी के लूहरी-आनी मार्ग पर कारशा के पास एक मारुति कार चालक सहित सतलुज में गिरने की सूचना मिली है। डीएसपी कुल्लू संजय कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि लापता युवक के परिजनों द्वारा 15 फरवरी को आनी थाना में सूचना दी है कि निरमंड तहसील के दोराह स्थित चरानी निवासी राजेंद्र 28 वर्ष पुत्र संतोष कुमार 14 फरवरी को घर से अपनी कार में बंजार की ओर निकला था लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि लूहरी से चार किलोमीटर दूर कारशा के समीप कार सतलुज में जा लुढ़की है। पुलिस ने मौका देख कर पाया कि कार दुर्घटना ग्रस्त हुई है लेकिन सतलुज के बहाव और गहराई के कारण यह कह पाना मुश्किल है कि कार इसी जगह गहरे पानी में है या बह गई है।
वहीं लापता युवक के परिजन रविवार दोपहर को एसडीएम नीरज गुप्ता से भी मिले। इस पर एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने युवक सहित सतलुज में समाई कार को तलाशने के लिए आला अधिकारियों से संपर्क साधा और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड नंगल के चीफ इंजीनियर को फैक्स भेजकर प्रशिक्षित गोताखोरों को भेजने की मांग की है। वहीं एसएचओ आनी रोहित मृगपुरी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर युवक और कार की तलाश शुरू कर दी है।

Related posts