शिक्षा को 4282 करोड़ का प्रावधान

नगवाईं (मंडी)। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि आगामी वित्त वर्ष में शिक्षा के लिए 4282 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। जो पिछले वर्ष से 449 करोड़ अधिक है। पनारसा स्कूल के वार्षिक समारोह की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में प्रदेश के सभी पटवार सर्कलों में पटवारियों के रिक्त पदों को भर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि टकोली-बांधी सड़क के निर्माण के लिए वन विभाग को 46 लाख की राशि उपलब्ध करवाई गई है। थलाकनधार-बांधी पेयजल योजना के निर्माण के लिए 6 करोड़ की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। उन्होंने थानीय स्कूल में परीक्षा हाल निर्माण के लिए 7 लाख, भवन के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए 3 लाख तथा स्टेज निर्माण के लिए दो लाख देने की घोषणा की। इससे पूर्व ठाकुर कौल सिंह ने 46 लाख 50 हजार की लागत से निर्मित स्कूल के साइंस भवन का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर पंचायत समिति के अध्यक्ष जगरनाथ सकलानी, द्रंग कांग्रेस के अध्यक्ष जोगेंद्र गुलेरिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरजू देवी और एसएमसी प्रधान दामोदर नेगी मौजूद रहे।

Related posts