
सुंदरनगर (मंडी)। यहां के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती एक मरीज ने वीरवार रात करीब डेढ़ बजे किसी तेजधार हथियार से खुद पर वार कर अपने आप को घायल करने का मामला सामने आया है। जब उस पर एक व्यक्ति की लहूलुहान हालत में नजर पड़ी तो उसने शोर मचाया। जिस पर अस्पताल स्टॉफ मौके पर पहुंचा तथा उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रात को ही मंडी स्थित जोनल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां से उसे शिमला स्थित आईजीएमसी भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार रसमाई निवासी रमेश कुमार (42) पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था। उसे उपचार के लिए परिजनों ने नागरिक अस्पताल में भरती करवाया हुआ था। अपनी बीमारी से परेशान रमेश कुमार वीरवार रात को कुछ समय के लिए अकेला ही था। इसी दौरान उसने किसी तेजधार हथियार का इस्तेमाल कर खुद पर ही वार कर दिया। जब उसे एक व्यक्ति ने लहूलुहान अवस्था में देखा तो उसे शोर मचाया। जिसके उपरांत उसका अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। इधर, नागरिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. जावेद ने बताया कि घायल मरीज को रात को ही प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते मंडी के लिए रेफर कर दिया गया था।
