नवें दिन भी जारी रही प्रभावितों की हड़ताल

सैंज (कुल्लू)। पार्वती परियोजना प्रभावितों की रोजगार की मांग को लेकर चल रही हड़ताल शुक्रवार को नवें दिन भी जारी रही। सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार को भी दिनभर परियोजना पावर हाउस स्थल सिउंड में भारी बारिश के बीच छाते लेकर विरोध प्रदर्शन किया। खराब मौसम के बीच टेंटों की व्यवस्था की गई थी। रोजगार की मांग को लेकर ग्रामीणों की हड़ताल से एक सप्ताह से भी अधिक समय तक निर्माण कार्य ठप रहने से एनएचपीसी को करोड़ों का चूना लग चुका है। परियोजना प्रबंधकों की प्रभावितों के साथ अभी तक वार्ता न होने के कारण एनएचपीसी और ग्रामीणों के बीच गतिरोध बढ़ गया है। प्रभावित नेता रूम सिंह और मणी देवी ने बताया कि प्रबंधन ग्रामीणों की मांग को दरकिनार कर रहा है। प्रभावित रेवती राम, सुरेश भट्टी, बालमकुंद और टेक सिंह ने बताया कि रोजगार के लिए आंदोलन को तेज किया जाएगा। उधर, एनएचपीसी-2 के महाप्रबंधक एके सिंह का कहना है कि रोजगार की मांग पर एनएचपीसी के साथ वार्ता का कोई औचित्य नहीं है। इसके बारे में सरकार तथा जिला प्रशासन को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts