
अंब (ऊना)। पड़ोसी राज्यों से बिना टैक्स दिए माल लेकर आ रहे 12 व्यापारियों को आबकारी एवं कराधान विभाग ने धर लिया। इन व्यापारियों पर विभाग ने शिकंजा कसते हुए जुर्माना भी ठोका। इन व्यापारियों के पास बिना बिल का कपड़ा, मनियारी का सामान, विद्युत उपकरण आदि पाया गया। आबकारी एवं कराधान अधिकारी रंजीत सिंह कौंडल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ऐसे बारह व्यापारियों को पकड़कर उनसे करीब 93 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया है।
विभाग के अधिकारियों का दावा है कि कर चोरी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। महकमे का कहना है कि प्रयासों के बावजूद कई व्यापारी सरकार को चूना लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। अभी भी कई व्यापारी प्रदेश को आने वाले वैकल्पिक मार्गों से बिना कर अदा किए बेखौफ माल लेकर आ रहे हैं। आबकारी एवं कराधान विभाग ने विभागीय अधिकारियों को किसी भी क्षेत्र में जाकर कर चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की शक्तियां दे दी हैं। लेकिन व्यापारी विभाग की इस मुहिम से भी डर नहीं रहे हैं। आबकारी एवं कराधान अधिकारी रंजीत सिंह कौंडल पर आधारित विभागीय टीम ने पिछले 48 घंटों में विभिन्न-विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर ऐसे बारह व्यापारी माल सहित पकड़े हैं। अंब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए वीरवार को भी देर शाम ऐसे आधा दर्जन लोग टीम के हत्थे चढ़े। इनके पास माल लाने की एवज में कर अदायगी के कोई भी दस्तावेज नहीं थे।
कौंडल ने बताया कि जब इन व्यापारियों से कर अदा न करने की वजह पूछी तो वे कोई उपयुक्त जवाब नहीं दे पाए। इस पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाते हुए उनसे करीब 93 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होंने कहा कि कर अदा किए माल लाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
