
शिमला। हिमाचल विधानसभा बजट सत्र में अब तीन दिन का ब्रेक होगा। बजट सत्र अब 17 फरवरी को फिर शुरू होगा और 21 को इसका समापन होगा। इन तीन दिनों के बीच कई राजनीतिक घटनाएं होंगी। शुक्रवार 14 फरवरी को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सांसद अनुराग ठाकुर मंडी के धर्मपुर चुनाव क्षेत्र के दौरे पर होंगे। यह चुनाव क्षेत्र लोकसभा चुनाव के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में हैं। इसके बाद 15 फरवरी शनिवार को मुख्यमंत्री जीएस बाली के नगरोटा चुनाव क्षेत्र में होंगे और इंजीनियरिंग कॉलेज की आधारशिला रखेंगे।
इसके अगले दिन 16 फरवरी को तो सुपर संडे है। एक ओर सुजानपुर में भाजपा नरेंद्र मोदी के लिए बड़ी रैली करेगी तो दूसरी ओर उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना में अपने चुनाव क्षेत्र में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनसभा रखी है। मजे की बात ये है कि दोनों ही नेता दिन को एक से दो बजे की बीच एक ही समय जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, राज्य सरकार ने ऊना की रैली को केवल एक विधानसभा क्षेत्र की बताया है, लेकिन पूरे जिला से लोग बुलाए गए है। दूसरी ओर मोदी की रैली में प्रदेशभर से लोग आ रहे हैं।
