
मंडी। डाक कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। केंद्रीय मुख्यालय संघर्ष समिति ने 18 फरवरी से अनिश्चित काल हड़ताल का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के मंडलीय सचिव युद्ध कुमार शर्मा ने सभी शाखा डाकघराें, ग्रामीण डाक कर्मचारियाें से आह्वान किया है कि समिति के निर्देश को मानें। हड़ताल पर जाने से पहले 18 फरवरी को सुबह करीब नौ बजे मंडी मुख्य डाकघर के बाहर डाक कर्मी इकट्ठे होकर प्रदर्शन करेंगे। शर्मा ने कहा कि जब तक सरकार और प्रशासन डाक कर्मियाें की मांगे नहीं मानेगा हड़ताल जारी रहेगी।
मंडी में वीरवार को हड़ताल के दूसरे दिन डाक कर्मियाें ने रैली निकाली तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पृथी पाल सिंह, नवनीत शर्मा, सर्किल अध्यक्ष एसबीसीओ सागर चंद तथा मंडलीय सचिव पोस्ट मैन एवं एमटीएस टेक चंद ने सरकार पर डाक कर्मियों की मांगाें को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि पिछले सभी वेतन आयोगाें ने सिफारिश की है कि जब महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ जाता है, तब महंगाई भत्ते को मूल वेतन में जोड़ दिया जाता है।
—
मांगें
सातवें वेतन आयोग को जनवरी 2014 से लागू करना, पचास प्रतिशत महंगाई भत्ते का विलय करना, दस प्रतिशत अंतरिम राहत, रिक्त पदाें को शीघ्र भरना एवं नए पद सृजित करना तथा सातवें वेतन आयोग में जीडीएस को शामिल करना।
