
अंब (ऊना)। कुनेरन गांव में जहरीला पदार्थ निगलने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौैंप दिया जाएगा। घटना को लेकर मामला दर्ज करके पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बुजुर्ग के परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार कुनेरन निवासी 70 वर्षीय रमेश चंद पुत्र अच्छर सिंह ने घर में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन एंबुलेंस की सहायता से बुजुर्ग को दौलतपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शव को कब्जे में लेने के बाद इसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। अंब थाना के प्रभारी ओम प्रकाश ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बालक को अज्ञात ट्राले मारी टक्कर
अंब (ऊना)। अंब-अंदौरा मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्राले ने एक सात वर्षीय बालक को टक्कर मार दी, जिससे बालक जख्मी हो गया। राहगीरों ने बालक को उठाकर अंब अस्पताल पहुंचाया। शाम करीब सात बजे हुई घटना के बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। बच्चे को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों ने बच्चे के परिजनों को भी घटना की सूचना दी। राहगीरों की सूचना पर ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अंब थाना से ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होेंने कहा कि अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। बालक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
