
ऊना। हिमाचल प्रदेश पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की ऊना शहरी इकाई ने एचआरटीसी पेंशनरों की मासिक पेंशन का भुगतान नियमित रूप से न करने पर कड़ा संज्ञान लिया है। इकाई के प्रधान रमेश चंद शर्मा एवं सचिव सोहन शर्मा ने कहा है कि एचआरटीसी पेंशनरों को आधा महीने तक मासिक पेंशन का भुगतान नहीं होता। जिसके कारण वे आर्थिक एवं मानसिक तौर पर परेशान रहते हैं।
संघ नेताओं ने कहा है कि 7 दिसंबर 2013 को सुंदरनगर के राज्य स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या का उल्लेख किए जाने से समाधान की उम्मीद जगी थी। बावजूद इसके अभी भी स्थिति ज्यों की त्यों ही बनी हुई है। 12 फरवरी को आधा मास व्यतीत हो जाने के बावजूद एचआरटीसी पेंशनरों की जनवरी मास की पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वह संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली में हस्तक्षेप करके पेंशन भुगतान की ऐसी व्यवस्था करें। जिससें इन पेंशनरों को भी सरकारी पेंशनरों की तरह हर माह की पहली तारीख को पेंशन प्राप्त हो सके।
