
जोगिंद्रनगर(मंडी)। मजदूरों, किसानों, छात्रों, नौजवानों और आम जनता के मुद्दों पर शनिवार को वाम संगठनों ने जोगिंद्रनगर में प्रदर्शन किया। हिमाचल किसान सभा, सीटू, एसएफआई और नौजवान सभा की ओर से माकपा नेता कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में विशाल प्रदर्शन किया गया। लाल झंडे तले क्षेत्र के लोगाें ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पूरे बाजार में रैली निकालकर प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। भारद्वाज ने कहा कि बंदरों, सूअरों और आवारा पशुओं से किसान त्रस्त हैं। लोक निर्माण विभाग में कार्यरत दिहाड़ीदारों को लेबर कोर्ट के आदेश के बाद भी पक्का नहीं किया जा रहा। जोगिंद्रनगर और सीएचसी लडभड़ोल तथा पधर में डाक्टरों के अनेक पद खाली पड़े हैं। भारद्वाज और भूपेंद्र सिंह ने मांग की है कि मिड-डे-मील वर्करों को न्यूनतम 4500 रुपये मासिक वेतन, आंगनबाड़ी वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, वर्कर्स को 5000 रुपये और हेल्पर को 3000 रुपये मासिक वेतन देने, जंगली जानवरों तथा आवारा पशुओं से किसानों की फसलें बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा देने के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति करने और अन्य डाक्टरों के खाली पड़े पद भरने तथा जोगिंदर नगर में एचआरटीसी का डिपो खोलने की मांग की है। इसके अलावा सभी राशन कार्ड धारकों को हर महीने दो रुपये प्रति किलो की दर से 35 किलो राशन मुहैया करवाने, बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने और उहल प्रोजेक्ट में श्रम कानूनों का पालन करवाने की मांग की गई। प्रदर्शन में किसानों, छात्रों, आंगनबाड़ी और मिड-डे-मील वर्कर्स, लोक निर्माण मजदूरों, प्रोजेक्ट मजदूरों, रेहड़ी फड़ी वर्करों औरयुवाओं ने इसमें हिस्सा लिया। इस दौरान सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह, किसानसभा के सूरज पठानिया, किशोरी लाल, रणजीत राणा, रविंद्र कुमार, सीटू के रविकांत, सुभाष चंद, अशोक कुमार, प्रताप सिंह, राम सिंह, कस्तूरी, सीमा, बालम, सरिता, प्रेम लता शर्मा, एसएफआई के सुरेश सरवाल, संजय जंबाल, रविंद्र सिंह, गुरमीत भारद्वाज, दीपा, अनिल कुमार और संजीव कुमार ने भी प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
