हत्या कर फेंक दिया पहाड़ी से

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। बराणा पंचायत के मरयारी गांव के साथ लगती पहाड़ी से एक व्यक्ति को हत्या कर फेंक दिया गया। शनिवार दोपहर बाद 40 वर्षीय व्यक्ति की लाश खाई में मिली। वह तीन दिन से गायब था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले उसका किसी से झगड़ा हुआ था। ऐसे में माना जा रहा है कि रंजिश के चलते हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीनानाथ पुत्र लाला राम निवासी मरयारी नगरोटा बगवां पिछले तीन दिन से गायब चल रहा था। पुलिस के अनुसार वीरवार को दीनानाथ का इसी गांव के दलीप सिंह से झगड़ा हुआ था। इसके बाद दीनानाथ घर से गायब चल रहा था। घरवालों ने भी दो दिन दीनानाथ की आसपास की जगहों में तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चल पाया। शनिवार सुबह परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस में की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दीनानाथ की तलाश शुरू की। पुलिस पहाड़ी के पास पहुंची तो नीचे दीनानाथ का शव पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ नगरोटा बगवां संसार चंद ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर दलीप सिंह को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि दीनानाथ को मार कर पहाड़ी से नीचे फेंका गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस दीनानाथ से पूछताछ कर रही है।

Related posts