अध्यापकों ने मांगा पदोन्नति लाभ

कुल्लू। अध्यापक संघ कुल्लू ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्ण सिंह से मांगों को लेकर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संवैधानिक लाभ देने के लिए विधायक को मांग पत्र भी सौंपा। प्रधान ईश्वर दास ने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने स्वयंसेवी अध्यापकों को संवैधानिक लाभ देने का फैसला लिया है, लेकिन अभी तक कुल्लू में लाभ लागू नहीं हुए हैं। अध्यापक संघ ने विधायक कर्ण सिंह से पत्र के माध्यम से कहा कि दो जनवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश ने उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला कुल्लू को आदेश दिए हैं, जो आज तक लागू नहीं हुए हैं। जिले के करीब 130 अध्यापकों को पदोन्नति का लाभ देने से वंचित रखा गया है। उन्होंने विधायक कर्ण सिंह से उपरोक्त फैसले को तुरंत लागू करने के लिए उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू को निर्देश देने का आग्रह किया है, जिससे समय पर अध्यापकों को पदोन्नति लाभ मिल सके। इस अवसर पर प्रधान ईश्वर दास, ज्ञान चंद ठाकुर, नीरज गौतम, दर्शन, नारायण सिंह, राम कुमार, चंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।

Related posts