
अंब (ऊना)। अंब उपमंडल के गांव अप्पर अंदौरा में शनिवार को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक घर से लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर डाला। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया है। अंब पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का मुआयना किया और मामले के संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को अज्ञात चोरों ने अप्पर अंदौरा निवासी मुलख राज के घर में घुसकर 15 हजार रुपये की नकदी और घर में रखे लगभग 90 हजार रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर डाला। मुलखराज ने बताया कि वारदात के समय घर के सभी लोग बाहर गए थे। इससे पहले भी चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं, जिनके संदर्भ में अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। बढ़ती वारदातों से जहां लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली के कारण उनमें काफी गुस्सा भी देखा जा रहा है। उधर, अंब के एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
