सड़क हादसे में दो पुलिस कर्मी घायल

स्वारघाट (बिलासपुर)। कोट थाना क्षेत्र में भुक्की (चूरा पोस्त) के साथ पकड़े गए एक व्यक्ति को अदालत में पेश करने के लिए शुक्रवार को बिलासपुर जा रहे पुलिस कर्मियों का वाहन बनेर के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। हादसे में निजी वाहन में सवार दो पुलिस कर्मियाें के साथ ही आरोपी भी घायल हो गया। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार कोट थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ढिल्लों की अगुवाई में पुलिस ने मजारी में रहने वाले बिहार के मूल निवासी शंकर को साढ़े तीन किलोग्राम भुक्की के साथ पकड़ा था। शुक्रवार को एएसआई सुरेश कुमार व कांस्टेबल सुनील कुमार आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए एक निजी वाहन में बिलासपुर जा रहे थे। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनेर के पास बारिश से सड़क पर फिसलन होने की वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। इससे पुलिस कर्मियों के साथ ही आरोपी भी घायल हो गया। इस स्तर पर एएसआई सुरेश कुमार को अधिक चोटें आई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्वारघाट थाना से पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसआई व कांस्टेबल के साथ ही आरोपी को घायल अवस्था में बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए दाखिल कर लिया गया। उधर, इस बारे संपर्क साधने पर एसपी कपिल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि इसकी जांच की जा रही है।

Related posts