
धर्मशाला। केंद्रीय विश्वविद्यालय छतरी के दूसरे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी बतौर मुख्यातिथि पहुंचेंगे। इसे लेकर जिला कांगड़ा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति 12 फरवरी को दोपहर 12 बजे गगल एयरपोर्ट पर पठानकोट से चौपर के जरिये पहुंचेंगे। वह पठानकोट तक दिल्ली से विमान से आएंगे। राष्ट्रपति जब विमान से पठानकोट पहुंचेंगे तो पठानकोट-मंडी हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। ट्रैफिक करीब 50 से 55 मिनट तक रोका जाएगा। पठानकोट की ओर से आने वाला ट्रैफिक 32 मील से वाया जवाली रोड को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, गगल से आने वाले ट्रैफिक को वाया लंज डायवर्ट किया जाएगा। राष्ट्रपति का प्रस्थान समय करीब सवा दो बजे होगा। जो लोग धर्मशाला से पालमपुर वाया कांगड़ा जाना चाहते हों, उनको वाया चैतड़ू जाना होगा। यह सुरक्षा के लिहाज से किया गया है। 12 फरवरी के दौरे के लिए 10 और 11 तारीख को पुलिस प्रशासन रिहर्सल भी करेगा। ऐसे में इन दो दिनों में भी ट्रैफिक रोका जाएगा। इस तरह राष्ट्रपति दौरे को लेकर गगल-पठानकोट हाईवे पर लोगों को तीन दिन परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, गगल से छतरी तक के इलाके में रहने वाले लोगों को अगर कहीं जाना होगा तो उनको प्रशासन की गाड़ी ही लाएगी और छोड़ेगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला में एसपी बलबीर ठाकुर ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि यह सब सुरक्षा के लिहाज से किया गया है। लोगों को थोड़ी असुविधा जरूरी होगी, इसके लिए वह लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हैं।
आठ सेक्टरों में तैनात होंगे एसपी
गगल से छतरी तक के 16.8 किलोमीटर के इलाके को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर का इंचार्ज एसपी रैंक का अधिकारी होगा। सुरक्षा व्यवस्था में 34 राजपत्रित अधिकारी होंगे। करीब 1400 जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इसके अलावा सीआईडी और आर्मी भी सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता भी दौरे के दौरान तैनात रहेगा।
