
कुल्लू। गड़सा घाटी की नजां बीट में अवैध पेड़ कटान मामले में पुलिस ने छापामारी अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस दल ने नजां बीट में छापामारी के दौरान 35 लाख की वन संपदा को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने 26 देवदार तथा पांच कायल के पेड़ों की लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। इससे वन माफिया में हड़कंप मच गया है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चार फरवरी को वन मंडल पार्वती के आरओ प्यारे लाल गुलेरिया की शिकायत पर दर्ज मामले के तहत पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 और वन अधिनियम की धारा 32, 33 के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी ने कहा कि जंगल में भारी संख्या में हरे भरे देवदार और कायल के पेड़ों पर वन माफिया ने कुल्हाड़ी चलाई है। इस पेड़ कटान में किसी भी वन माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
