
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के पिरथीपुर में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार को दो सगे भाइयों में मारपीट हो गई। वारदात में एक ने अपने ही भाई पर दराटी एवं डंडों से हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। उसे तुरंत उपचार के लिए क्षेत्र के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है पिछले काफी वर्षों से दोनों भाइयों में जमीनी विवाद चल रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विरेंद्र सिंह निवासी पिरथीपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह मंगलवार देर शाम अपने काम से जा रहा था कि अंब निवासी ईश्वर चंद सहित एक अन्य व्यक्ति ने जमीनी विवाद को लेकर उससे झगड़ा कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त दोनों ने उस पर डंडे एवं दराटी से वार कर दिया। वारदात में दराटी उसके हाथ में लगने से वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। ईश्वर चंद उसका भाई है और उसका उससे जमीनी विवाद चल रहा है। अंब के डीएसपी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
