दलाश के शिव मंदिर में चोरी

दलाश (कुल्लू)। दलाश स्थित शिव मंदिर से चोर दान पात्र तोड़ करीब 10-15 हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गए है, जबकि चोर मंदिर का मुख्य दरवाजा तोड़ने में असफल रहे। इस कारण मंदिर के गभगृह में प्रवेश नहीं कर पाए। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल भी मौके पर पहुंचा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 1:45 बजे दो नकाबपोश मंदिर में पहुंचे। उन्होंने वहां रखे दान पात्र में से लगभग 10-15 हजार की नकदी दान पात्र तोड़ कर निकाल ली। इसके बाद चोर मंदिर की गर्भगृह तक पहुंच गए थे, लेकिन गर्भ गृह का दरवाजा न तोड़ पाने के कारण वे बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। घटना का पता सुबह लगा, जब मंदिर के कारदार संकी राम मंदिर पहुंचे। उन्होंने इस बात की सूचना आनी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लूहरी चौकी से पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। हालांकि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन चेहरे पर नकाब होने के कारण चोर पहचाने नहीं जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर में पहले भी तीन बार चोरी हो चुकी है।
थाना प्रभारी आनी रोहित मृगपुरी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा का रिकार्ड भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।

चोरों के निशाने पर क्षेत्र के मंदिर
एक के बाद एक मंदिर को बना रहे निशाना
सीसीटीवी कैमरों का भी नहीं रहा डर

आनी (कुल्लू)। चोरों ने अब क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। आस्था और श्रद्धा को दरकिनार कर चोर मंदिरों में प्रवेश कर चोरी को अंजाम दे रहे हैं। हजारों लोगों की आस्था का प्रतीक इन मंदिरों की सुरक्षा फिर भी रामभरोसे चल रही है। एक के बाद एक मंदिरों में चोर प्रवेश हो रहे हैं। ऐसे में मंदिरों के पहरे के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी कोई काम नहीं कर पा रहे हैं। क्योंकि चोर चेहरे पर नकाब डाल कर डाका डाल रहे हैं। मंगलवार रात को दलाश के मंदिर में हुई चोरी की घटना देखकर पता चलता है कि चोर जहां सीसीटीवी कैमरे से अपने आप को बचाने के लिए नकाब का प्रयोग कर रहे हैं, वहीं नई तकनीक का सहारा लेकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। दलाश मंदिर के कारदार सौंकीराम का कहना है कि दलाश मंदिर से करीब पंद्रह हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को देखा है, जिसमें चोर चेहरे पर नकाब डाले हुए थे। उन्होंने कहा कि फुटेज में चोरों की पूरी गतिविधियां नजर आ रही हैं, लेकिन चेहरा नहीं दिख रहा है । इससे पिछली रात जाबन क्षेत्र के देउरी मंदिर में भी चोरी का प्रयास हुआ है।

बीते वर्ष कहां-कहां हुई चोरियां
बीते वर्ष आनी के खेगसू माता मंदिर, बैहनी देवता, बाड़ीमाता, टना नाग मंदिर, पांचवीर मंदिर, और देउरी माता मंदिर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। इसके बाद पुलिस ने खेगसू माता मंदिर का कुछ सामान बरामद किया था। इसके बाद मंडी जिले के कुछ लड़कों को देउरी में पकड़ा था। जिन्होंने पांचवीर मंदिर में हुई चोरी को कबूल किया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के तमाम मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा था। इसके बाद आनी के अधिकतर मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Related posts