

ज्यूलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दे हो रहा था फरार
शिमला: संजौली चौकी पुलिस ने नाबालिग चोर गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है जबकि उसके फरार चल रहे 3 अन्य साथियों की तलाश तेज कर दी है। पकड़े गए युवक की आयु 16 वर्ष बताई गई है जो मूलत: किन्नौर के कोठी गांव का रहने वाला है। सामने आया है कि रविवार रात 4 नाबालिग युवकों ने संजौली स्थित न्यू गणेश ज्यूलरी नामक शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके तहत शातिर नाबालिग चोर वहां से करीब साढ़े 4 लाख से अधिक के चांदी के आभूषण उड़ा ले गए।
हालांकि इससे पहले वे अपने ठिकाने पर पहुंच पाते, रात्रि गश्त में तैनात संजौली चौकी के पुलिस कर्मियों ने 4 में से एक युवक को धर-दबोचा। पकड़े गए युवक के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए सभी आभूषणों को भी बरामद कर लिया है। बताया गया है दुकान मालिक ने सोने के आभूषणों को सेफ में रखा था जिसे आरोपी नहीं खोल पाए, ऐसे में उन्होंने चांदी के आभूषणों पर ही हाथ साफ किया।
पुलिस ने चोरी की उक्त वारदात को लेकर विशाल सावंत की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने चोरी की वारदात में संलिप्त अन्य 3 युवकों की तलाश भी तेज कर दी है। सूचना के अनुसार पुलिस पूछताछ में युवक ने संबंधित युवकों के नामों का खुलासा कर दिया है और उस आधार पर पुलिस आगामी जांच में जुट गई है। हालांकि युवक का तर्क है कि उसने पहली बार ऐसा किया है। जांच के तहत पुलिस ने युवक के परिजनों को चौकी में बुलाया।
चोरी के आरोप में एक नाबालिग युवक को हिरासत में लिया गया है जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। चोरी किए चांदी के आभूषणों को भी बरामद कर लिया है।
शिव कुमार राणा, चौकी प्रभारी संजौली
