
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत लांगणा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन करने जा रही सांसद प्रतिभा सिंह को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की। प्रतिभा सिंह का जोगिंद्रनगर हलके का दो दिवसीय दौरा आज से शुरू हो गया है। सोमवार को सांसद प्रतिभा सिंह नवनिर्मित लांगणा पीएचसी भवन का उद्घाटन करने जा रही थी। सुबह करीब साढ़े दस बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे खड़े होकर प्रतिभा सिंह के काफिले को काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी की।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं लंागणा पंचायत के पूर्व प्रधान गोपाल सिंह ठाकुर ने बताया कि लांगणा शक्ति केंद्र के तहत आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभा सिंह का विरोध इसलिए किया, क्योंकि पीएचसी भवन का कार्यक्रम बिना किसी पूर्व निर्धारित के किया जा रहा था। इस पीएचसी में अभी तक कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं किया है। न ही किसी तरह की सुविधा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण में कांग्रेस पार्टी का योगदान नहीं है। इसका शिलान्यास तत्कालीन लोक निर्माण एवं राजस्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने नवंबर 2010 में किया था। कहा कि कार्यकर्ताओं ने प्रतिभा सिंह का इसलिए भी विरोध किया कि लडभड़ोल के कॉलेज को कांग्रेस सरकार ने डिनोटिफाई किया है।
काले झंडे दिखाने की कड़ी निंदा
सांसद प्रतिभा सिंह को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाने की स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कड़ी निंदा की है। प्रधान मीना ठाकुर, उपप्रधान काली दास पालसरा, बीडीसी सदस्य उमेश कटवाल के अलावा प्रेमनाथ ठाकुर, राजेश, ईस्माइल खान और अनिल राणा ने कहा कि इस प्रकार के प्रदर्शनों से इलाके के विकास में बाधा आती है। रुके हुए कामों को सफलता नहीं मिलती।
