
कुल्लू। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस को लेकर ऐतिहासिक ढालपुर मैदान सज गया है। रविवार सुबह ग्यारह बजे शुरू होने वाले इस समारोह में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर होने वाली भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स की टुकड़ियां सहित स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। समारोह में जहां भव्य परेड होगी, वहीं लोगों के मनोरंजन के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित कई सरकारी तथा निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं सहित अन्य संस्थानों के कलाकार देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम पेश करेंगे। उधर, सुरक्षा की दृष्टि से कुल्लू की सीमाएं सील कर पुलिस ने सुरक्षा घेरा कस दिया है। बजौरा से लेकर मनाली तक पुलिस बल बढ़ा कर रात्रि गश्त तथा पेट्रोलिंग को तेज कर दिया है। जिले के बिजली प्रोजेक्टों की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है। डीसी राकेश कंवर ने सभी लोगों से गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे ढालपुर मैदान में पहुंचकर समारोह में शिरकत करने की अपील की है।
