जीप अनियंत्रित होकर पलटी, छह जख्मी

थानाकलां (ऊना)। स्थानीय स्कूल के नजदीक शनिवार सुबह एक बेकाबू स्कारपियो जीप अनियंत्रित होकर पटल गई। हादसे में छह युवक जख्मी हो गए। इनमें दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से थानाकलां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो की हालत नाजुक होने के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जीप सवार सुबह क्षेत्र के तलमेहड़ा स्थित सदाशिव मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। हादसे में जीप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह छपरोह निवासी मुकेश कुमार अपने दोस्तों के साथ सदाशिव मंदिर माथा टेकने जा रहे थे कि अचानक थानाकलां स्कूल के पास जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें जीप चालक मुकेश एवं गोलू निवासी मझेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है। चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार जारी है। हादसे में अन्य चार युवकों को मामूली चोटें आई हैं। उधर, बंगाणा थाने के एसएचओ रामदास कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts