लोकतंत्र के लिए ली शपथ

हमीरपुर। नागरिकों की लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रणाली में भागीदारी बढ़ाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता दिवस का आयोजन किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर में किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त हिमांशु शेखर चौधरी ने लोकतंत्र को सुदृढ़ करने के लिए शपथ दिलाई और नए पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र वितरित किए। एडीसी ने कहा कि नागरिक मतदाता के रूप में पंजीकृत हों तथा समझदारी और नैतिक आधार पर बिना किसी लालच, प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। लोकतंत्र तभी मजबूत बनेगा जब पारदर्शी होगा। चुनाव के दौरान मतदाता मतदान का महत्व समझें और अपने मत का प्रयोग करें। एसडीएम सतीश शर्मा ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कहा कि वर्तमान में जिले में कुल 3,56,527 मतदाता है। इनमें 1,74,768 पुरुष तथा 1,81,759 महिला मतदाता हैं। लगभग सभी मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। स्थानीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, हिम अकादमी और रावमापा (बाल) तथा (कन्या), हमीरपुर, आइनिफ्ड के छात्रों ने लोक नृत्य, देश भक्ति गीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। एडीसी ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।

Related posts