खाली भूमि की अनदेखी पर बिफरा प्रधान संघ

पतलीकूहल (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के समीप 15 मील के बड़ाग्रां बिहाल में खाली 114 बीघा भूमि की अनदेखी किए जाने पर नग्गर खंड का पंचायत प्रधान संघ बिफर गया है। संघ का तर्क है कि इस भूमि पर कभी क्रिकेट स्टेडियम, कभी एयरपोर्ट तो कभी गोल्फ कोर्स बनाने को लेकर बड़े-बड़े दावे होते रहे हैं लेकिन, धरातल पर आज तक कोई योजना साकार रूप नहीं ले सकी। इतना ही नहीं, पूरे जिले में नेशनल हाइवे पर विशाल भूखंड होने के बावजूद शासन-प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। प्रधान संघ का कहना है कि यदि इस भूमि पर पर्यटन से जुड़ी कोई परियोजना विकसित की जाती है तो इससे न केवल घाटी को नया पर्यटन स्थल मिलेगा, बल्कि स्थानीय बेरोजगार युवकों को आजीविका चलाने समेत होटल, ट्रेवल एजेंट और टैक्सी चालक भी लाभान्वित होंगे। लिहाजा, संघ ने तीस जनवरी को बीडीओ आफिस में बैठक रखी है। इस दौरान एसडीएम मनाली विनय धीमान को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया है। बैठक में संघ एसडीएम के माध्यम से सीएम वीरभद्र सिंह और बड़ाग्रां के समीप पांच सितारा होटल चलाने वाले केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को इस भूमि के इस्तेमाल को कोई योजना बनाने को पत्र प्रेषित कर रहा है। संघ के प्रवक्ता चेत राम नेगी ने बताया कि इस भूमि को लेकर संघ गंभीर है।

Related posts