रसोई गैस के 26 सिलेंडर चोरी

ऊना। क्षेत्र के बहडाला में रसोई गैस सिलेंडर से भरे ट्रक से लगभग 26 सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ट्रक चालक की शिकायत पर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिलेंडरों की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में दशहत का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक दीप कुमार ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि देर रात को बहडाला पेट्रोल पंप पर ट्रक खड़ा करके अपने घर देहलां चला गया और जब सुबह देखा तो ट्रक से अज्ञात चोर 26 सिलेंडर गायब पाए गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना ट्रक के मालिक राजन कुमार को दी और ऊना पुलिस को सूचित किया। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस चोरी मामले के चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में दशहत फैली हुई है।

Related posts