जिले में खुले चार कानूनी सेवा क्लीनिक

बंगाणा/ऊना। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष आरएम लोढा ने ऊना जिले के देहलां, बढ़ेड़ा, बंगाणा तथा अंब में वीडियो कांफ्रेंसिंग व वेबसाइट के माध्यम से विधिक सेवा क्लिनिकों का शुभारंभ किया। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश रतन सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि इन कानूनी सेवा क्लिनिकों का कार्य लोगों को कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव देना, निर्धन एवं पात्र व्यक्तियों को कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने में मदद देना, पारिवारिक एवं घरेलू झगड़ों का निदान समझौते से कराने का प्रयास करना, किसानों व श्रमिकों को राजस्व एवं श्रमिक कानून की जानकारी देना, महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी व सहायता उपलब्ध करवाना, लोगों को लोक अदालतों का महत्व बताना और विवादों का निपटारा लोक अदालतों में करवाने के लिए प्रेरित करना तथा मुकदमेबाजी को छोड़कर समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाना होगा। उन्होंने बताया कि ऊना के देहलां में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेंद्र कुमार, बंगाणा के विधिक सेवा क्लिनिक का शुभारंभ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायाधीश रतन सिंह ठाकुर ने किया, जबकि हरोली के बढ़ेड़ा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके चौधरी तथा अंब में सिविल जज पंकज कुमार ने वेबसाइट के माध्यम से इन क्लिनिकों का उद्घाटन किया।

Related posts