
कुल्लू। जिले के अधिष्ठाता देवता रघुनाथ मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने 40 किलो चांदी और 165 ग्राम सोने समेत करीब 23 लाख के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। चोरों ने भगवान रघुनाथ, माता सीता, हनुमान और नरसिंह की मूर्तियां चुराने का भी प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक चोरी मंगलवार रात दस से सुबह चार बजे के बीच हुई है। चोर मंदिर के पीछे की दीवार और मंदिर के ऊपर बने टाले की छत के एक कोने से तोड़कर अलमारी के सहारे नीचे उतरे। यहां से भगवान रघुनाथ के सोने के कंगन, सोने का हार और हनुमान की प्रतिमा वाले सोने के हार समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा भगवान रघुनाथ की पूजा में प्रयोग होने वाले चांदी के कई बर्तनों पर भी हाथ साफ किया। भगवान रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस टीम एएसपी निहाल की अगुवाई में रघुनाथ मंदिर पहुंची। दानवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी कार-कारिंदों से विचार-विमर्श के बाद भगवान रघुनाथ की विधिवत पूजा शुरू कर दी गई है।
उधर, एसपी कुल्लू विनोद कुमार धवन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि एएसपी निहाल चंद के नेतृत्व में मामले की जांच को विशेष टीम का गठन किया है। ऐसा लग रहा है कि चोरी को किसी जानकार की मदद से अंजाम दिया गया है। जिस कमरे से चोरों ने मंदिर में प्रवेश किया, उस रास्ते के बारे में देवता के कई कारकूनों को भी पता नहीं है। देव समाज मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं।
