
ऊना। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के ललड़ी गांव को टूरिज्म सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा और गांव के प्राचीन शिव मंदिर परिसर एवं जलाशय का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ललड़ी में एक करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान प्रयोगशाला भवन का निर्माण किया जाएगा। वह ललड़ी गांव में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। अग्निहोत्री ने गांववासियों की मांग पर शमशानघाट की चाहरदीवारी, सत्संग तथा हरिजन बस्ती तक संपर्क मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ललड़ी में मंसूरी शैली पर रेन शेल्टर का निर्माण किया जाएगा। उद्योगमंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा मौके पर ही इनका निपटारा किया। उन्होंने कहा कि बनखंडी-झलेड़ा सड़क के सुधार पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि टाहलीवाल प्रदेश का पहला ऐसा औद्योगिक क्षेत्र होगा, जहां उद्योगों के लिए प्राकृतिक गैस पाइप लाइन उपलब्ध करवाई जाएगी तथा यह कार्य मार्च के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। जनसभा को एग्रो पैकेजिंग के पूर्वाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओंकार शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला परिषद सदस्य सुमन ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रवीण सहोता, बीडीसी सदस्य ज्योति बाला व प्रधान ग्राम पंचायत ललड़ी सुखबिंद्र देवी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, निदेशक सामान्य उद्योग निगम पवन ठाकुर, गैस आथारिटी ऑफ इंडिया के प्रबंधक बख्तावर सिंह, ब्लाक युकां अध्यक्ष नक्षत्र सिंह, कांग्रेस लीगल सैल के अध्यक्ष वीरेंद्र मनकोटिया, कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू, गाेंदपुर बूहला के पंचायत प्रधान सतीश बिट्टू, एसडीएम बलवीर ठाकुर, एएसपी बीएस ठाकुर, राकेश कौशल सहित क्षेत्र के गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
