
चंबा। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में लगभग 30 लाख रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। नगर परिषद ने विकास कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है। ऐसे में जल्द ही कार्य शुरू होने जा रहे हैं। कुरांह स्थित कूड़ा संयंत्र केंद्र में हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए यहां प्रोटेक्शन वाल लगाई जाएगी। इसके लिए लगभग सात लाख 58 हजार 891 रुपये की राशि मंजूर हुई है। इसके लगने से कूड़ा बिखरने से फैल रही गंदगी से भी निजात मिलेगी। इसके अलावा टीबी अस्पताल के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाया गया डंगा ढह गया है। इसके चलते पार्किंग की जमीन भी धंसने लगी है। यहां पर भी नगर परिषद रिटेनिंग वाल लगवाएगी। इस कार्य पर लगभग तीन लाख 60 हजार 480 रुपये खर्च किए जाएंगे। लोअर धड़ोग में शमशानघाट के निर्माण पर एक लाख 11 हजार की राशि नप की ओर से खर्च की जाएगी। इसके साथ ही जनसाली में निर्माणाधीन पार्किंग के निर्माण के लिए नगर परिषद को लगभग आठ लाख 92 हजार 826 रुपये और मंजूर हुए हैं। यही नहीं कसाकड़ा में प्रोटेक्शन वर्क पर जहां 53 हजार 553 रुपये खर्च होंगे, वहीं रामगढ़ मोहल्ला में पैदल रास्ते के निर्माण पर लगभग 52 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा अन्य मोहल्लों में भी छोटे-बड़े विकास कार्य करवाए जाएंगे।
उधर, नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए नगर परिषद को लगभग 30 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
