काउंसिलिंग के लिए मिलोगा एक और मौका

चंबा। भाषा अध्यापकों की बैचवाइज नियुक्ति के लिए फिर से काउंसिलिंग होगी। यह काउंसिलिंग 28 जनवरी को प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में होगी। जिला चंबा में भाषा अध्यापक के बैचवाइज सात पद भरे जाने हैं। इसके लिए आठ जनवरी को शिक्षा विभाग की ओर से काउंसिलिंग की गई है, लेकिन बारिश व बर्फबारी होने के कारण जिला के दूरदराज क्षेत्रों के अभ्यर्थी तय तारीख को काउंसिलिंग के लिए नहीं आ सके थे। इसमें अधिकतर अभ्यर्थी जनजातीय क्षेत्र भरमौर व पांगी से संबंध रखने वाले हैं। शिक्षा विभाग ने काउंसिलिंग से महरूम रहे भाषा अध्यापकों को राहत प्रदान करते हुए 28 जनवरी को एक बार फिर से काउंसिलिंग करने का निर्णय लिया है। इसमें वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं, जो टेट पास हैं। प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि एलटी की काउंसिलिंग से वंचित रहे छात्रों के लिए 28 जनवरी को दोबारा काउंसिलिंग होगी। उन्होंने कहा कि जो अभ्यर्थी पहले वंचित रह गए हैं, वे निर्धारित तारीख को शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक अपने जरूरी दस्तावेजाें सहित पहुंच जाएं। उन्होंने कहा कि इसके बाद जिला में भरे जाने वाले भाषा अध्यापकों के बैचवाइज पदों के लिए दोबारा काउंसिलिंग नहीं होगी।

Related posts