
शिमला। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड में दसवीं और जमा दो में मेरिट में रहने वाले पांच हजार छात्रों को 25 जनवरी को नेटबुक का तोहफा विभाग की ओर से मिल सकता है। सरकार के आदेशों के बाद विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इस दिन योजना के जरिये नेटबुक का वितरण शुरू हो जाएगा। सभी जिला शिक्षा उपनिदेशकों से एक सप्ताह में पात्र बच्चों के फोन नंबर निदेशालय में मंगवाए गए हैं। इसमें ढाई हजार दसवीं के मेरिट के छात्र – छात्राओं और ढाई हजार जमा दो के मेरिट में रहे छात्रों को सम्मानित किया जाना है। 829 साइंस संकाय के, 424 वाणिज्य संकाय, 1227 कला संकाय और 20 वोकेशनल कोर्सों के छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने जिला निदेशकों को एक सप्ताह में पात्र बच्चों के फोन नंबर निदेशालय भेजने के निर्देश जारी किए हैं। योजना में जिन मेरिटोरियस छात्रों को सम्मानित किया जाना है। विभाग की ओर से उनकी सूची भी वेबसाइट पर डाल दी है।
—
ये छात्र होंगे पात्र
दसवीं के परिणाम में 594 या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों के अलावा जमा दो साइंस में 421 या इससे अधिक, कॉमर्स जमा दो में 373 या इससे अधिक, आर्ट्स में 360 या इससे अधिक, वोकेशनल परीक्षा में 681 या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र इसके पात्र होंगे।
—
एसर एस्पायर कंपनी की नेटबुक
सरकार की ओर से मेधावी छात्रों को एसर एस्पायर वी-5-131 मॉडल की नेटबुक दी जानी है। इसकी सप्लाई इसी सप्ताह उप निदेशक कार्यालय को मिल जाएगी।
—
ऐसे डाउनलोड करें फार्म
मेधावी छात्रों के लिए निर्धारित की गई प्राप्तांक की सीमा में आने वाले छात्र विभाग की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू. एजूकेशनएचपी डॉट ओआरजी से फार्म डाउनलोड कर सकते हैं।
