
ज्वाली (कांगड़ा)। मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वाली का औचक निरीक्षण किया तथा अस्पताल में दाखिल मरीजों का कुशलक्षेम पूछा। भारती ने अस्पताल में एक करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक सुविधाओं से लैस ओपीडी भवन का निरीक्षण किया तथा कछुआ चाल कार्य को लेकर विभाग से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के एक्सईएन ज्वाली नानक चंद को निर्देश दिए। कहा कि अतिशीघ्र इस तीन मंजिला भवन का कार्य पूरा हो जाना चाहिए। एक्सईएन लोक निर्माण विभाग ज्वाली नानक चंद ने कहा कि कार्य को अतिशीघ्र पूरा करवाया जाएगा। इसके बाद नीरज भारती ने ग्राम पंचायत मैरा का दौरा करके लोगों की समस्याओं को सुना तथा विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मिडल स्कूल मैरा को हाई स्कूल करने तथा बाउंडरी बाल लगाने का आश्वासन दिया। मैरा को बुसकवाड़ा से जोड़ने के लिए बूहल खड्ड पर पुल का निर्माण करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने युवक मंडल मैरा के भवन तथा महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर मैरा पंचायत प्रधान सलोचना देवी, उपप्रधान अजीत सिंह, मंडल प्रवक्ता अरुण शर्मा, युकांध्यक्ष मनमोहन सिंह, संसार सिंह संसारी, राजेश्वर हैप्पी, प्रवीण कौंडल, राकेश चौधरी, पम्मी चौधरी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
