लो वोल्टेज से मिलेगा छुटकारा

हरोली (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के लोअर बढेड़ा और लोअर कांगड़ की पांच हजार आबादी को लो वोल्टेज की समस्या से दो चार नहीं होना पडे़ेगा। इससे उपभोक्ता ही नहीं बल्कि आईपीएच विभाग की समस्या भी दूर होगी। क्षेत्र में एक हजार विद्युत कनेक्शन हैं। विद्युत विभाग इन क्षेत्रों के लिए नई लाइन बिछा रहा है। यह कार्य मंगलवार 14 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। इस लाइन को 11 केवी के नए ट्रांसफार्मर से जोड़ा जाएगा। ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए भी विद्युत बोर्ड के कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। ट्रांसफार्मर भी बढेड़ा पहुंचा दिया गया है। लाइन बिछने तथा ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद लोगों को लंबे विद्युत कटों से भी निजात मिलेगी। लो वोल्टेज से पेयजल और सिंचाई योजनाएं ठप होने की भी समस्या आती थी, अब ऐसा नहीं होगा। कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, लोअर बढेड़ा की प्रधान सरोज शर्मा, पूर्व प्रधान हंस राज शर्मा, राज कुमार, ओम प्रकाश, मेहर चंद, अशोक कुमार, राकेश कुमार, जोग राज, मनमोहन सिंह, बलवीर सिंह, सतीश कुमार, राम लाल, इंद्रजीत सिंह, श्याम लाल आदि ने कहा कि इलाके में वोल्टेज की भारी समस्या रहती थी। आए दिन विद्युत लाइनों में स्पार्किंग के साथ बत्ती गुल हो जाती थी। अब ट्रांसफार्मर और नई विद्युत लाइन बिछने से लोगों को राहत मिलेगी। विनोद कुमार बिट्टू ने कहा कि उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को इस समस्या से अवगत कराया गया था। उनके प्रयासों से ही क्षेत्र के लोगों को नई विद्युत लाइन और नया ट्रांसफार्मर मिला है।

14 जनवरी मंगलवार तक ट्रांसफार्मर लगाने और लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो जाएगा। नए ट्रांसफार्मर और लाइन के जरिए क्षेत्र की पांच हजार आबादी को फायदा मिलेगा। वैसे क्षेत्र में करीब एक हजार कनेक्शन हैं।
-जोगेंद्र पाल मीलू, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड

Related posts