पहले दिन ऊना में 247 ‘आप’ के

नंगड़ा (ऊना)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने हाईटेक सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। एक एसएमएस के जरिये लोग आम आदमी पार्टी की निशुल्क सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। एसएमएस के जरिये आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। खास बात यह है कि एसएमएस करने के बाद तुरंत सदस्यता मिलने की कन्फरमेशन भी एसएमएस के जरिये ही मिल रही है।पार्टी के मुताबिक शुक्रवार को ही ऊना जिले से 247 लोग आम आदमी पार्टी के आनलाइन सदस्य बने।
आनलाइन सदस्यता ग्रहण करने वाले को 07798220033 पर एसएमएस करना होगा। एसएमएस करने वाले को नाम, एसटीडी कोड और विधानसभा क्षेत्र का नाम लिखना होगा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कौंसिल के सदस्य संदीप संदल ने बताया कि देश भर में आम आदमी पार्टी ने आनलाइन सदस्यता अभियान चलाया है। शुक्रवार को ऊना जिला में ही 247 सदस्यों ने आप की आनलाइन सदस्यता ग्रहण की। संदल ने कहा कि हर गांव में आम आदमी पार्टी में पंजीक रण को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। सोशल वेबसाइट फेसबुक पर भी आम आदमी पार्टी छाई हुई है। आम आदमी पार्टी हिमाचल पेज भी फेसबुक पर 2500 लोगों ने लाइक किया है। आप के कार्यकर्ता भी एक दूसरे को पेज को लाइक करने के लिए तथा आनलाइन सदस्यता ग्रहण करने के लिए फोन भी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्हें आप नेताओं और कार्यकर्ताओं की सादगी पसंद आ रही है। आनलाइन सदस्यता ग्रहण करने वाले राजेश धीमान, रोशन लाल, सुल्तान मोहम्मद, काली दास, महेश चंद, सोढी लाल, मुदारबख्श आदि ने कहा कि वे अपने दोस्तों और अन्य लोगों को भी आप की सदस्यता ग्रहण करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

Related posts