
सुंदरनगर (मंडी)। चरस तस्करों के खिलाफ सुंदरनगर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वीरवार देर शाम को सुंदरनगर पुलिस ने सलापड़ में नाके के दौरान परिवहन निगम की बस में सवार एक यात्री के कब्जे से करीब दो किलो चरस बरामद की है। पुलिस के अनुसार सलापड़ में वीरवार शाम को पुलिस ने एएसआई बृज लाल के नेतृत्व में चंडीगढ़-मनाली हाइवे पर सलापड़ में नाका लगा रखा था। इस दौरान मनाली की ओर से आ रही परिवहन निगम की एक बस को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
बस की जांच के दौरान उसमें बैठा एक शख्स पुलिस को देख कर घबरा गया। इससे पुलिस को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब उसके सामान की तलाशी ली तो उसके पास से एक किलो 950 ग्राम चरस बरामद हुई। इस पर पुलिस ने आरोपी पिंकू चक्रवती निवासी पंचाकल, जिला दार्जिलिंग को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्यवाई आरंभ कर दी है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि चरस माफिया के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा
