लोगों को उचित दाम पर मिलेंगी सब्जियां

पधर (मंडी)। जिला प्रशासन के आदेश पर उपमंडल प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को फल और सब्जियां उचित दाम पर बेचने का फरमान जारी किया है। प्रशासन के आदेश पर उपमंडल स्तर पर भी सब्जी विक्रेताओं ने दुकानों के बाहर रेट लिस्टें लगाना शुरू कर दी हैं। प्रशासन की इस मुहिम के बाद फल और सब्जियां उचित दाम पर मिलने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
बीते सप्ताह जिला प्रशासन ने सभी उपमंडल अधिकारियों को उपमंडल मुख्यालयों में जिला मुख्यालय की तर्ज पर फलों और सब्जियों के दाम तय कर कड़ाई से लागू करने के आदेश जारी किए थे। इस पर पधर उपमंडल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पधर बस स्टैंड के पास सब्जियों और फलों की रेट लिस्टें बोर्ड पर चस्पां कर दी हैं। व्यापारियों को भी प्रशासन द्वारा तय मूल्यों की सूची अपनी दुकानों के बाहर लगानी जरूरी हैं। प्रशासन द्वारा लगाए साइन बोर्ड में साफ लिखा है कि कोई व्यापारी तय मूल्यों से अधिक या कम वसूली करता है तो उसकी शिकायत उपमंडल कार्यालय के टेलीफोन नंबर 260666 पर करें।
स्थानीय निवासी वीरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, प्रकाश चंद, रोशन लाल, मनोज कुमार, हरवंश सिंह, किरण कुमार, दलीप सिंह, प्रोमिला ठाकुर, कविता देवी, सरोज कुमारी, कुसुमलता, निर्मला, मोनिका ठाकुर, संतोष कुमारी और रोशनी देवी ने प्रशासन का आभार जताया है।

अवमानना पर होगी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम विनय मोदी ने कहा कि लोगों को फल और सब्जियां उचित दरों पर उपलब्ध हों, इस बारे जिला मुख्यालय की तर्ज पर उपमंडल स्तर पर दाम निर्धारित किए गए हैं। सभी दुकानदारों को दुकानों पर रेट लिस्टें लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन समय-समय पर दुकानों का औचक निरीक्षण भी करेगा।

Related posts