रास्ता रोक कर मारपीट की

चंबा। सलूणी तहसील के तहत परगना जूंढ के अंद्राल क्षेत्र के एक व्यक्ति को दो लोगों ने पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। बुधवार को संजू पुत्र डोगरू गांव भलकूंडु डाकघर अंद्राल ने मारपीट की शिकायत उपायुक्त संदीप कदम से की और मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने परिवार सहित उपायुक्त को सौंपे शिकायत पत्र में बताया कि वह बीते बुधवार देर रात को अपने घर जा रहा था तो अंद्राल क्षेत्र के दो लोगों ने नवेही नाला के पास बेवजह रास्ता रोक कर उससे मारपीट कर दी। अंद्राल निवासी दो युवकों ने संजू को बुरी तरह जख्मी कर घ्राट के समीप फेंक दिया और संजू को जान से मारने की धमकी दी। व्यक्ति के मुंह व छाती में काफी चोटें आई हैं। जख्मी व्यक्ति के परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह पूरी रात घ्राट के पास ही पड़ा रहा और सुबह ढूंढने पर उसे बेहोशी की हालत में पाया। व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, उपायुक्त ने बताया कि मामले की उचित छानबीन की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts