परियोजनाओं के खिलाफ करें कार्रवाई

चंबा। उपायुक्त संदीप कदम ने राजस्व अधिकारियों को कहा कि वे भूमि बंटवारे में खांगी पद्धति अथवा आपसी समझौते को बढ़ावा दें। इससे लोगों के समय व धन की बचत होगी तथा बिना किसी द्वेष भावना से बंटवारा हो जाएगा। राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने कहा कि खांगी पद्धति के प्रति लोगों को जागरूक करने के भी प्रयास किए जाएं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जिन जल विद्युत परियोजना प्रबंधकों ने परियोजना के लिए लीज डीड नहीं बनवाई है, उनके काम रूकवाकर उनके खिलाफ क ार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके साथ ही प्रभावित स्थल व प्रभावित जोन के निर्धारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्थानीय क्षेत्र विकास निधि लाडा के तहत बकाया राशि की वसूली के लिए भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला के विभिन्न विभागों में डाटा ऑपरेटर के रूप में प्रशिक्षित होम गार्ड्स की सेवाएं लेने का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान मनरेगा के कार्यों में तीव्रता लाने के लिए उपमंडलाधिकारियों को लैपटॉप वितरित किए। साथ ही कार्यों में प्रगति व तत्परता के लिए तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को मोबाइल चार्ज उपलब्ध करवाने की जानकारी प्रदान की। भूमि अतिक्रमण, जमाबंदी, भूमि बंटवारों, चुराह में रिकार्ड रूम बनाने, पटवारखानों के निर्माण, उपतहसील भवनों के निर्माण व निर्मल भारत अभियान सहित कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा के बाद संबंधित अधिकारियों को उपायुक्त ने उचित दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान सहायक आयुक्त उपायुक्त दीप्ति कपूर, एसडीएम बचन सिंह, अमित मैहरा, भुवनेश्वरी बोहरा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts