
धर्मशाला। संयुक्त व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यकारिणी ने प्लास्टिक पैकिंग पर प्रतिबंध के निर्णय पर सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला लिया है। मंडल के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर, महासचिव देवेंद्र कुमार, जिला कांगड़ा अध्यक्ष अश्वनी काजल ने धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्लास्टिक पैकिंग प्रतिबंध पर संयुक्त व्यापार मंडल ने सर्वोच्च न्यायालय जाने का फैसला लिया है। उन्होंने प्रदेश के अन्य व्यापारी संगठनों से भी इसमें सहयोग की अपील की है। मंडल ने प्रदेश हाईकोर्ट के प्लास्टिक पैकिंग पर प्रतिबंध के निर्णय पर रोक लगवाने तथा पुनर्विचार की याचिका दायर की थी। जिसमें व्यापारियों को राहत मिली, लेकिन न्यायालय ने दोबारा याचिका को दरकिनार कर 26 जनवरी से पूर्णतय: प्रतिबंध का फैसला सुना दिया। इस फैसले से प्रदेश के लाखों व्यापारियों का कामकाज प्रभावित होगा। बीस हजार के करीब कामगार बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने विभिन्न व्यापार मंडल तथा अन्य संगठनों को संयुक्त व्यापार मंडल के बैनर तले आकर प्रतिबंध के खिलाफ मुहिम में शामिल होने का आह्वान किया है। मंडल सुप्रीम कोर्ट में निर्णय के खिलाफ अपील करेगा। व्यापारी वर्ग से यह भी आह्वान किया है कि वह निर्णय के खिलाफ संघर्ष या व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद न करें। इससे समस्या का समाधान नहीं निकलेगा। बल्कि सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए संयुक्त व्यापार मंडल को सहयोग दें।
