टैक्स वृद्धि निर्णय के विरोध में

भुंतर (कुल्लू)। टैक्स बढ़ोतरी के निर्णय को लेकर जिले की टैक्सी यूनियनों ने कड़ा विरोध किया है। यूनियनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो आगामी लोकसभा चुनाव का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा। जिले की जीप और टैक्सी यूनियनों ने वीरवार को भुंतर में बैठक का आयोजन कर यह निर्णय लिया। इस दौरान जीप यूनियन भुंतर, टैक्सी यूनियन बंजार, टैक्सी यूनियन कसोल तथा ऑटो यूनियन भुंतर ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश सरकार ने जो टैक्स बढ़ोतरी करने का निर्णय किया है, उस पर गहनता से चर्चा की। सभी यूनियनों ने निर्णय लिया कि अगर सरकार ने फैसले को वापस नहीं लिया तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में सभी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने सरकार द्वारा बढ़ाए गए टैक्स के निर्णय का विरोध किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल के दाम हर माह बढ़ रहे हैं। गाड़ी के रखरखाव के खर्चों सहित बीमा का खर्चा भी बढ़ता जा रहा है। इस उस हिसाब से किराये में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। ऐसे में टैक्सी, जीप और ऑटो चलाना मुश्किल हो गया है। इस अवसर पर जीप यूनियन के प्रधान जय प्रकाश, टैक्सी यूनियन बंजार के अध्यक्ष भगवान सिंह, टैक्सी यूनियन कसोल के प्रधान उत्तम चंद, आटो यूनियन के प्रधान प्रेम वर्धन, भुंतर टैक्सी यूनियन प्रधान दीवान सिंह के अलावा यूनियनों के सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।

Related posts