
हमीरपुर। पुलिस थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत रंगड़ के समीप एचआरटीसी की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक, परिचालक सहित चार लोग गंभीर घायल हैं। अन्यों को मामूली चोटें आई हैं। चारों घायलों को उपचार के लिए सुजानपुर अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। जानकारी के अनुसार हमीरपुर से सुजानपुर वाया रंगड़, चौरी जा रही निगम की बस रंगड़ बस स्टॉप के समीप अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो करीब तीन बजे बस जैसे ही रंगड़ बस स्टॉप के पास पहुंची, तो मोड़ काटते समय अचानक अनियंत्रित होकर नीचे खेत में लुढ़क कर पलट गई। हादसे में चालक, परिचालक और दो महिला यात्रियाें को गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें स्थानीय लोगों ने बस से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से सुजानपुर अस्पताल पहुंचाया। चारों घायलों का उपचार चल रहा है। इसके अलावा शेष सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सुजानपुर अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है, जांच जारी है।
