
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पूर्व मंत्री और देहरा हलके के विधायक रविंद्र सिंह रवि ने कांग्रेस सरकार द्वारानए राशन कार्डों पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पीएम मनमोहन सिंह, सीएम वीरभद्र सिंह और खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली की फोटो छपवाने पर सवाल खड़ा किया है। वह लोनिवि देहरा में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोस चुनाव को कुछ ही समय बचा है। ऐसे में राशन कार्डों पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पीएम मनमोहन सिंह का चित्र छपवाना गलत है। साथ ही यदि संबंधित मंत्री के विभाग में कोई बदलाव होता है तो उस समय इन राशन कार्डों पर लगे चित्रों का क्या होगा। रवि ने कहा कि भाजपा इसका विरोध करती है और यदि जरूरत हुई तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर न्यायालय जाएगी। महिला के नाम पर राशन कार्ड बनाने का विरोध महिलाएं ही कर रही हैं। क्योंकि कांग्रेस इसके जरिए समाज को बांटने का काम कर रही है। रवि ने कहा कि यदि सीएम वीरभद्र सिंह जिला कांगड़ा का विकास चाहते हैं तो देहरा दौरे के दौरान केंद्रीय विवि को देहरा में खोलने की घोषणा करें और सीयू पर हो रही राजनीति को बंद करें। जब तक वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं तो उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष जगदीप डढवाल, जिला महासचिव अरविंद धीमान और मीडिया प्रभारी सपन सूद आदि उपस्थित रहे।
